मिहींपुरवा(बहराइच)। कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग से सटे क्षेत्रों में जंगली हाथियों का उत्पात थमने का नाम नहीं ले रहा है। कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के सदर बीट के निषाद नगर गांव में बुधवार की रात हाथियों के झुंड ने एक बार फिर उत्पात मचाया। हाथियों ने एक ग्रामीण के घर की दीवाल ढहा दी और किसानों की फसल को पैरों तले रौंद डाला।
हाथियों का झुंड सबसे पहले कतर्निया वन रेंज के घोसियाना मोड़ स्थित नहर पटरी पहुंचा और वहीं से आबादी क्षेत्र की ओर मुड़ गया। जहां मौजूद ग्रामीणों व वन कर्मियों ने शोर मचाकर हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ दिया। लेकिन रात लगभग एक बजे हाथियों का झुंड फिर वापस आया और निषाद नगर गांव में उत्पात मचाना शुरू किया। हाथियों ने सतन के गेहूं की फसल को रौंद दिया और उसके घर की दीवार ढहा दी। दीवार गिरते ही घर में मौजूद बच्चे व परिजन घर छोड़ कर बाहर भाग गए।
हाथियों ने घर में रखा सारा सामान गिरा दिया। टिन शेड भी उजाड़ दिया। वहीं कुछ अन्य ग्रामीणों की फसल को भी रौंद डाला। ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना पर पहुंचे वन क्षेत्राधिकारी विजय मिश्रा ने नुकसान का आकलन किया और ग्रामीणों को बचाव की जानकारी दी।