श्रावस्ती। लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर सोमवार को रन फॉर यूनिटी (राष्ट्रीय एकता के लिए दौड़) का आयोजन किया जाएगा। इसके प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए रविवार को एसएसबी की ओर से मोटर साइकिल रैली निकाली गई।
सशस्त्र सीमा बल 62 वीं वाहिनी भिनगा के कार्यवाहक कमांडेंट व उप कमांडेंट जयसिंह के नेतृत्व में एसएसबी जवानों ने मोटर साइकिल रैली निकाली। रैली एसएसबी मुख्यालय भिनगा से लक्ष्मणपुर बाजार तक निकाली गई। उप कमांडेंट ने कहा कि देश की मजबूती इसी में है कि हम सभी राष्ट्रीय एकता व सद्भावना बनाए रखें।
लोगों में देश भक्ति की भावना जागृत करना तथा समाज से जुड़े प्रत्येक वर्ग के लोगों को आपस में जोड़ कर उनमें राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने के लिए यह मोटर साइकिल रैली निकाली गई है। इस मौके पर सहायक कमांडेंट विभू साहा, निरीक्षक सुरेश कुमार, उप निरीक्षक जीतेंद्र सिंह व सहायक उप निरीक्षक शशिकांत सहित काफी संख्या में एसएसबी के जवान मौजूद रहे। संवाद