तुलसीपुर। मल्हीपुर क्षेत्र के ग्राम लक्ष्मणपुर गंगापुर के मजरा लक्ष्मणपुर में शुक्रवार को खेत के किनारे मेड़ पर सुलाए गए 11 माह के मासूम की ट्रैक्टर से कुचलकर मौत हो गई। घटना से परिजनों में चीख-पुकार मची हुई है। गांव निवासी माखन लाल वर्मा शुक्रवार को परिवार सहित धान की रोपाई करने खेत गए थे। इस दौरान उनकी पत्नी अपने पुत्र संजय को भी खेत ले गइ थी। धान की रोपाई के दौरान उनकी पत्नी ने संजय को खेत की मेढ़ पर तिरपाल बिछाकर उस पर लिटा दिया। संजय उस पर सो गया। इस बीच हल्की बूंदाबांदी होने पर मां ने संजय को तिरपाल ओढ़ा दिया था। इसी दौरान परिवार के ही किसी व्यक्ति ने ट्रैक्टर को चालू कर तिरपाल पर चढ़ा दिया। इससे संजय ट्रैक्टर की चपेट में आ गया। परिजन आनन-फानन उसे सीएचसी मल्हीपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस संबंध में मल्हीपुर थाना प्रभारी महेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि उन्हें परिजनों से कोई सूचना नहीं मिली। यदि सूचना मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।