डीपीआरसी में प्रेसवार्ता करते प्रभारी मंत्री।
श्रावस्ती। डीपीआरसी में रविवार को मीडिया संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस दौरान जिले के प्रभारी मंत्री दारा सिंह चौहान ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों को गिनाया। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश प्रगति कर रहा है। जनधन योजना के तहत शून्य शेष पर खाते खोले गए हैं। आयुष्मान भारत योजना से गरीबों को प्रति वर्ष पांच लाख रुपये तक का निशुल्क इलाज मिल रहा है। प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा, आवास और उज्ज्वला जैसी योजनाओं ने गरीब तबके के जीवन में बड़ा बदलाव किया है। उन्होंने बताया कि देश आज हम खाद्यान्न, रक्षा, चिकित्सा, आयुध उपकरणों के निर्माण में पहले से अधिक आत्मनिर्भर हैं। आज देश में शांति एवं कानून व्यवस्था का राज स्थापित है। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने योजनाओं पर आधारित पोस्टर गैलरी का भी निरीक्षण किया। इस मौके पर विधायक रामफेरन पांडेय, जिलाध्यक्ष भाजपा डाॅ. मिश्री लाल वर्मा, डीएम अन्नपूर्णा गर्ग आदि मौजूद रहे।