श्रावस्ती। घाटे का सौदा बन चुकी खेती में नवीन तकनीक अपना कर न सिर्फ किसान अपनी माली हालत सुधारेंगे बल्कि मशरूम, हल्दी व मोटे अनाज की खेती से सेहत भी सुधारेंगे। यह बातें एसएसबी के सीमा चौकी हाकिम पुरवा में किसानों को दिए जा रहे खेती के प्रशिक्षण के अंतिम दिन एसएसबी कमांडेंट रवींद्र कुमार राजेश्वरी ने कही। उन्होंने सीमावर्ती गांव के साठ किसानों को मशरूम व हल्दी के बीजों का वितरण भी किया।
इस दौरान उप कमांडेंट सोनू कुमार ने कहा कि नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत एसएसबी सीमा क्षेत्र के ग्रामीणों का जीवन स्तर ऊंचा उठाने का प्रयास कर रही है। यह प्रशिक्षण भी उसी का एक हिस्सा है। सहायक कमांडेंट दीवान सिंह कार्की ने ग्रामीणों को बेटी बचाओ बेटी पढाओ, नशा मुक्ति भारत अभियान, स्वच्छ भारत अभियान व केन्द्रीय पुलिस बल में भर्ती होने के लिए शिक्षित ग्रामीणों तथा महिलाओं को आवश्यक जानकारी दिया। इस मौके पर सहायक उप निरीक्षक नरेश कुमार, रणवीर सिंह, अमित श्रीवास्तव सहित काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। संवाद