जमुनहा क्षेत्र में नुक्कड़ नाटक करते कलाकार।
श्रावस्ती। राष्ट्रीय पोषण माह के तहत बुधवार को स्वास्थ्य विभाग, आईसीडीएस और प्रोग्रेसिव फाउंडेशन की ओर से जमुनहा तहसील क्षेत्र में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ग्रामीणों को कुपोषण के प्रति जागरूक किया गया। कलाकारों ने कुपोषण के खतरों और संतुलित आहार के महत्व की जानकारी दी। बीपीएम अजय कुमार और विशाल पांडेय ने बताया कि सही पोषण के अभाव में बच्चे शारीरिक व मानसिक रूप से कमजोर हो जाते हैं। उनकी लंबाई और वजन उम्र के अनुसार नहीं बढ़ता तथा वे निमोनिया और डायरिया जैसी बीमारियों की चपेट में आते हैं। गर्भवती और धात्री महिलाओं में खून की कमी उनके स्वास्थ्य के साथ शिशु के विकास को भी प्रभावित करती है। विशेषज्ञों ने बताया कि ज्वार, बाजरा, रागी व कोदो में आयरन, कैल्शियम और फाइबर भरपूर होता है। हरी सब्जियां, दालें और मौसमी फल भी संपूर्ण पोषण देते हैं।