संवाद न्यूज एजेंसी
श्रावस्ती। कलेक्ट्रेट सभागार में बृहस्पतिवार को विशेष संचारी रोग नियंत्रण व दस्तक अभियान को लेकर अंतर्विभागीय बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता डीएम ने किया। इस दौरान उन्होंने शनिवार को शुरू होने वाले अभियान को सफल बनाने का निर्देश दिया।
बैठक में डीएम नेहा प्राकश ने निर्देश दिया कि अभियान को सफल बनाने के लिए शिक्षा, कृषि, स्वास्थ्य, पंचायत राज, पशुपालन व नगर निकाय ढंग से कार्य करें। सभी सीएचसी अधीक्षक, डीपीआरओ, डीपीओ कार्यक्रम को सफल बनाने पर विशेष ध्यान दें।
सीवीओ आबादी के बीच में बने सुअर बाड़े को विस्थापित कर आबादी से दूर कराएं। ईओ व डीपीआरओ संचारी रोग को देखते हुए सफाई, सेनीटाइजेशन, फॉगिंग, जलभराव, उथले हैंडपंपों का चिन्हीकरण कराकर शुद्ध पेयजल की व्यवस्था कराएं। खुली नालियों को ढकनें, नालियों की सफाई व जलभराव वाले स्थानों पर चूना का छिड़काव कराएं।
इस दौरान कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन किया जाए। साथ ही संचारी रोगों तथा दिमागी बुखार की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए जिला, ब्लाॅक, ग्राम पंचायत स्तर पर विभिन्न विभागों से समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम को सफल बनाए। बैठक में सीडीओ अनुभव सिंह, सीएमओ डा. एसपी तिवारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। संवाद