श्रावस्ती। भिनगा क्षेत्र में फोरलेन किनारे स्थित निषाद ढाबे के रसोइये पर खौलता तेल फेंकने के तीन आरोपियों को शनिवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। सीओ आलोक कुमार सिंह ने बताया कि 29 अक्तूबर को हरिहरपुर रानी के मजरा सिसवा निवासी जगन्नाथ निषाद, सिद्धनाथ निषाद उर्फ सिद्धे और नीतीश कुमार उर्फ धक्कड़ी निषाद ढाबे पर खाना खाने आए लोगों से विवाद कर रहे थे। रसोइये पंचराम सोनी ने उन्हें झगड़ा करने से रोका तो नाराज आरोपियों ने उस पर खौलता तेल फेंक दिया। गंभीर रूप से झुलसे पंचराम का इलाज ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को केशवनगर के पास से गिरफ्तार कर न्यायालय के माध्यम से जेल भेज दिया।