समूह मार्ट के उद्घाटन कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधि व अधिकारी।
श्रावस्ती। हरिहरपुररानी के पटना खरगौरा गांव में मंगलवार को नवनिर्मित स्वयं सहायता समूह मार्ट का शुभारंभ हुआ। जिला पंचायत दद्दन मिश्रा, विधायक रामफेरन पांडेय और जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने फीता काटकर मार्ट का उद्घाटन किया। इस दौरान मार्ट में उपलब्ध उत्पादों का स्टॉल भी सजाया गया, जिसका जनप्रतिनिधियों ने निरीक्षण किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि यह मार्ट महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाएगा और बिचौलियों की भूमिका समाप्त करेगा। विधायक ने बताया कि प्रदेश सरकार महिलाओं को स्वावलंबी बनाने को प्राथमिकता देती है। इससे ग्रामीण महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को सीधा बाजार मिलेगा। डीएम ने कहा कि यह मार्ट राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण की रीढ़ बनेगा। यहां जैविक अनाज, मसाले, हस्तशिल्प, अचार, पापड़ और दैनिक उपयोग के सामान उचित मूल्य पर उपलब्ध होंगे। इस अवसर पर सीडीओ शाहिद अहमद, डीसी एनआरएलएम संदीप कुमार और ग्राम प्रधान ममता पांडेय भी मौजूद रहे।