श्रावस्ती। डीएम अन्नपूर्णा गर्ग की अध्यक्षता में मंगलवार को श्रम विभाग की जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक हुई। इसमें बाल श्रम उन्मूलन व मुक्ति के लिए अभियान चलाने पर चर्चा हुई। जिले की 83 ग्राम पंचायतों को बाल श्रम मुक्त करने का प्रस्ताव मिला है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिन गांवों में बाल श्रमिक नहीं मिले, उनकी एक माह सघन निगरानी व सत्यापन के बाद उन्हें बाल श्रम मुक्त घोषित किया जाए। उन्होंने श्रम, शिक्षा, महिला एवं बाल कल्याण, स्वास्थ्य, ग्राम्य विकास और पंचायती राज विभागों को समन्वय बनाकर बाल श्रमिकों को कार्य से मुक्त कराने को कहा। बैठक में एडीएम ललित कुमार, एएसपी चन्द्रकेश सिंह, सीएमओ एके सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी मोहम्मद मुमताज और बीएसए आकांक्षा रावत समेत कई अधिकारी उपस्थित थे।