जिले के 27 उपकेंद्रों को हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के रूप में विकसित के लिए नामित की गई थी कार्यदायी संस्था
सिर्फ आठ उपकेंद्रों पर शुरू हुआ था काम, जून में पूरा कराना था निर्माण कार्य
डीएम ने की कार्रवाई, संस्था से वापस ली जाएगी अवशेष धनराशि
संवाद न्यूज एजेंसी
बहराइच। जिले के 19 उपकेंद्रों को हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के रूप में परिवर्तित न कराने वाली निर्माण एजेंसी का डीएम ने अनुबंध समाप्त कर दिया है। निर्माण एजेंसी को 27 उपकेंद्रों को हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर बनाने का जिम्मा दिया गया था। इसमें से सिर्फ आठ उपकेंद्रों पर निर्माण कार्य शुरू किया था। एजेंसी को जून में ही निर्माण कार्य पूरा करना था।
जिले के 27 उपकेंद्रों को हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के रूप में विकसित कराने के लिए उत्तर प्रदेश सहकारी विधायन एवं शीत गृह संघ लिमिटेड (पैक्सफेड) को जिम्मा दिया गया था। एजेंसी ने आठ उपकेंद्रों पर निर्माण शुरू किया था। शेष 19 उपकेंद्र अभी भी वैसे ही पड़े हैं। जहां अभी तक कार्य शुरू नहीं हो सका है। कार्यदायी संस्था की ओर से निर्माण कार्य पूरा न कराने तथा लापरवाही करने पर जिलाधिकारी मोनिका रानी ने निर्माण एजेंसी का अनुबंध समाप्त कर दिया है।
इनसेट
दिसंबर 2021 में पैक्सफेड को किया गया था नामित
27 उपकेंद्रों को हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर बनाने के लिए 17 दिसंबर 2021 को पैक्सफेड को कार्यदायी संस्था के रूप में नामित किया गया था। कार्यदायी संस्था को जून 2023 में निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए थे। लेकिन संस्था ने निर्माण कार्य पूरा नहीं कराया। निर्माण कार्यों की समीक्षा के लिए 6 जुलाई को डीएम ने बैठक की तो पता चला कि 27 उपकेंद्रों में से सिर्फ 8 उपकेंद्रों पर ही हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का कार्य शुरू किया गया।
इस पर डीएम ने आवंटित कार्यों को निरस्त करते हुए अवशेष 19 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर की धनराशि मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.एसके सिंह को वापस करने के निर्देश दिए हैं।
इनसेट
पैक्सफेड पर लगे हैं कई घोटाले के आरोप
पैक्सफेड कार्यदायी संस्था कई घोटालों के विवाद में उलझी हुई है। बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत परिषदीय विद्यालयों में संस्था को फर्नीचर उपलब्ध कराना था। लेकिन समयावधि बीतने के बाद संस्था ने फर्नीचर नहीं उपलब्ध कराया। इस पर संस्था को ब्लैकलिस्टेड करते हुए संस्था के परियोजना प्रबंधक पर थाना दरगाह में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया जा चुका है।
वर्जन
वर्ष 2021-22 में स्वीकृत जिले के 27 उपकेंद्रों को हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर को एमओयू के आधार पर निर्माण कार्य पूरा न कराने पर पैक्सफेड संस्था का अनुबंध निरस्त कर दिया गया है। अवशेष 19 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर की धनराशि शीघ्र ही सीएमओ को वापस करने के निर्देश दिए गए हैं। आठ हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा कराकर संस्था को हस्तांतरित करने के निर्देश दिए गए हैं।
- मोनिका रानी, जिलाधिकारी