श्रावस्ती। तराई क्षेत्र में बादलों की बेरुखी लगातार जारी है। शुक्रवार को भी रुक-रुक कर बूंदाबांदी हुई, लेकिन पर्याप्त बारिश नहीं हुई। इससे किसानों में मायूसी छाई हुई है। हालांकि, शाम को हुई बूंदाबांदी से लोगों को उमस से थोड़ी राहत मिली। बूंदाबांदी के कारण तराई का अधिकतम तापमान एक डिग्री गिरकर 34 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। बृहस्पतिवार की रात भी बूंदाबांदी से तापमान में गिरावट आई थी। शुक्रवार सुबह तेज धूप निकली, पर दोपहर बाद फिर बादल छा गए। गिलौला निवासी किसान मुकेश, गोड़ई और तीरथराम ने बताया कि धान व गन्ने की फसलें सूखने के कगार पर हैं। उन्होंने आशंका जताई कि अगले एक-दो दिनों में बारिश न होने पर डीजल पंप का सहारा लेना पड़ेगा। न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस पर बना रहा।