श्रावस्ती। वन कार्यालय भिनगा के निकट बुधवार रात एक ट्रैक्टर के सामने वनरोज आ गया। इससे ट्रैक्टर चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। इस दौरान ट्रैक्टर पर सवार एक मजदूर नीचे गिर गया और ट्रैक्टर का पहिया चढ़ जाने से उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची भिनगा कोतवाली पुलिस ने शव का पंचनामा भरा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है।
भिनगा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम वर्गीवर्गा निवासी निब्बर उर्फ ढोड़े (30) पुत्र समयदीन मजदूरी करता था। बुधवार को वह एक ट्रैक्टर पर कुछ मजदूरों के साथ छत डालने सिरसिया गया था। जहां से वह ट्रैक्टर पर सवार होकर देर रात वापस घर लौट रहा था। जैसे ही ट्रैक्टर सिरसिया भिनगा मार्ग स्थित भिनगा वन कार्यालय के निकट पहुंचातभी ट्रैक्टर के सामने एक वनरोज आ गया।
जिसे बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर चालक ने अचानक ट्रैक्टर का ब्रेक मार दिया। तभी निब्बर ट्रैक्टर से नीचे गिर गया। इस दौरान ट्रैक्टर के आगे बढ़ जाने के कारण उसका पहिया निब्बर पर चढ़ गया। जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। निब्बर की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। संवाद