गांव में कैंप करते एएसपी व अन्य अधिकारी।
गिलौला। गिलौला क्षेत्र के सिसवारा गांव निवासी कमलेश का शव बृहस्पतिवार को घर पहुंचा तो सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। बारिश के चलते टिनशेड में कमलेश का अंतिम संस्कार किया गया। बेटे ने मुखाग्नि दी। सुरक्षा के लिए पुलिस व प्रशासन के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। गांव में एहतियात के तौर पर पुलिसबल तैनात है। जमीन के विवाद में मंगलवार को अभिरक्षा में कमलेश की हत्या कर दी गई थी। मामले में पहले डीएम अन्नपूर्णा गर्ग व एसपी राहुल भाटी ने बयान जारी कर कमलेश के पुलिस वाहन से कूदने से लगी चोट को मौत का कारण बताया था। बाद में परिजनों की तहरीर पर सात लोगों के विरुद्ध हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई थी। घटना से गांव में तनाव का माहौल है। पोस्टमार्टम होने के बाद बृहस्पतिवार को कमलेश का शव गांव पहुंचा तो भीड़ उमड़ पड़ी। पुलिस बल की मौजूदगी में बेटे संजय ने पिता के शव का अंतिम संस्कार किया। इस दौरान एडीएम ललित कुमार, एएसपी चंद्रकेश सिंह, तहसीलदार जागृति सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। शांति बनाए रखने के लिए घटना स्थल पर गिरंट, नवीन मार्डन श्रावस्ती, सोनवा, गिलौला, मल्हीपुर, इकौना की पुलिस गांव में जाने वाले सभी मार्गों पर बैरिकेडिंग कर तैनात की गई है।