भूमि संरक्षण कार्यालय में तैनात कनिष्ठ ने एसपी को लिखा पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रावस्ती। भूमि संरक्षण अधिकारी कार्यालय में तैनात कनिष्ठ सहायक को कृषि विभाग में संविदा पर तैनात रहे डेटा एंट्री ऑपरेटर से जान का खतरा है। कनिष्ठ सहायक ने मामले में एसपी से मिल कर शिकायत की है। साथ ही जानमाल की सुरक्षा की मांग की है। भूमि संरक्षण अधिकारी कार्यालय में तैनात कनिष्ठ सहायक महेंद्र प्रताप सिंह उत्तर प्रदेश फेडरेशन ऑफ मिनिस्टीरियल सर्विस एसोसिएशन के प्रांतीय महासचिव हैं। जिन्होंने एसपी प्राची सिंह से मिल कर उन्हें एक शिकायती पत्र सौंपा है।
जिसमें उनका आरोप है कि भिनगा नगर के पुरानी बाजार मोहल्ला निवासी एक युवक कृषि विभाग में संविदा पर डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर तैनात था। जिसको किसान हित के विपरीत कार्य करने एवं राजकीय अभिलेखों के साथ छेड़छाड़ करने व विभाग की गोपनीयता भंग करने के कारण उप कृषि निदेशक के स्तर से सेवा से निष्कासित किया जा चुका है। जो अपराधी प्रवृत्ति व स्थायी निवासी होने के कारण सरकारी कार्यालयों में जाकर अवैध धन वसूली करता है। पीड़ित को कार्यालय जाते समय रास्ते में रोककर धमकी भी दी गई है। ऐसे में शिकायतकर्ता ने एसपी से हस्तक्षेप कर आरोपी पर कार्रवाई करने व पीड़ित के जानमाल की सुरक्षा कराने की मांग की है। संवाद