इकौना स्थित श्री जानकी प्रसाद आदर्श इंटर कॉलेज में ताइक्वांडो का शुभारंभ करवाते मुख्य अतिथि।
कटरा/वीरपुर। इकौना स्थित श्री जानकी प्रसाद आदर्श इंटर कॉलेज में सोमवार को जनपद स्तरीय विद्यालयी ताईक्वांडो प्रतियोगिता हुई। पूर्व जिलाध्यक्ष शंकर दयाल पांडेय, डीआईओएस सतेंद्र कुमार सिंह और पूर्व प्रधानाचार्य घनश्याम भास्कर ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर इसका शुभारंभ किया। निर्णायक सूर्य प्रकाश पांडेय ने बताया कि प्रतियोगिता में पांच विद्यालयों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। मेजबान जेपी आदर्श इंटर कॉलेज ने 21 स्वर्ण, सात रजत और तीन कांस्य समेत कुल 31 पदक जीतकर ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम की। कंपोजिट विद्यालय जमुनहा दूसरे और चौधरी राम बिहारी बुद्धा इंटर कॉलेज तीसरे स्थान पर रहा। कोच आशुतोष त्रिपाठी की देखरेख में खेले गए मुकाबलों के बाद अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर जिला क्रीड़ा सचिव आशीष कुमार, उप प्रधानाचार्य घनश्याम यादव, जेपी मौर्या, संदीप यादव व राकेश कुमार मौजूद रहे।