श्रावस्ती। अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के दौरान सोमवार को भारत-नेपाल सीमा पर खास सतर्कता बरती गई। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के अधिकारियों ने सारा दिन सीमा पर कैंप किया। वहीं सीमा के भीतर जगह-जगह पुलिस तैनात रही।
अयोध्या में आयोजित कार्यक्रमों को लेकर जिला पुलिस व एसएसबी के जवान पूरी तरह सतर्क थे। नेपाल सीमा क्षेत्र के सभी एसएसबी व पुलिस चौकियों पर तैनात जवान अपने-अपने क्षेत्रों में संयुक्त गश्त करने के साथ ही सीमा पार से आने-जाने वालों की सघन जांच करते दिखे। इस दौरान वीडियोग्राफी भी कराई गई। वाहनों व सामानों की जांच में स्वान दस्ते ने भी सहयोग किया। इस दौरान बहराइच व बलरामपुर सहित गोंडा जिले को जोड़ने वाले प्रमुख मार्गों पर स्थानीय पुलिस बैरियर लगा कर लोगों की जांच करती नजर आई। इतना ही नहीं अपने-अपने क्षेत्रों में थानाध्यक्षों व चौकी प्रभारियों ने ढाबा, होटल व प्रतिष्ठानों पर ठहरने वालों से पूछताछ की। वहीं, एएसपी प्रवीण कुमार यादव ने इंडो-नेपाल सीमा स्थित भरथा, गुज्जर गौरी सुईया व अस्थायी पुलिस चौकी का भ्रमण कर सुरक्षा का जायजा लिया। जबकि सीओ जमुनहा सतीश शर्मा ने घुड़दौरिया तथा सीओ इकौना संतोष कुमार ने इकौना, गिलौला व कटरा व सीओ भिनगा अतुल कुमार चौबे ने नगर में भ्रमण कर मातहतों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।