पुलिस की गिरफ्त में आरोपी व अवैध असलहा बनाने के उपकरण
- फोटो : SRAWASTI
श्रावस्ती। भिनगा कोतवाली क्षेत्र में अवैध असलहे का निर्माण किया जा रहा था। इसका खुलासा करते हुए कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार तीन लोगों को गिरफ्तार किया। जिनके कब्जे से पुलिस ने निर्मित व अर्द्धनिर्मित तमंचा, कारतूस व खोखा सहित तमंचा बनाने के उपकरण भी बरामद किए। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें जेल भेजा गया है।
भिनगा कोतवाली क्षेत्र में अवैध रूप से तमंचा बनाया जा रहा है। इसकी शिकायत के बाद पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार मौर्य ने एएसपी केशव चंद गोस्वामी व सीओ सिटी अतुल कुमार चौबे के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक भिनगा जीतेंद्र कुमार सिंह को इसका खुलासा करने का निर्देश दिया था। कोतवाल द्वारा इसका खुलासा करने के लिए मुखबिरों को लगाया गया था।
शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक द्वारा टीम के साथ मध्य नगर के मजरा मदारा निवासी विद्याराम के घर में छापा मारा गया। जहां पहुंची टीम ने देखा कि वहां तीन लोग चोरी छिपे तमंचा का निर्माण कर रहे थे। जिन्हें पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया। जिनकी पहचान कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चितईपुर के मजरा उदईपुर निवासी विजय कुमार वर्मा व बंशीलाल तथा मदारा निवासी विद्याराम के रूप में हुई। जिनके कब्जे से पुलिस ने एक देशी तमंचा 315 बोर, पांच अदद जिंदा कारतूस 12 बोर, एक खोखा 12 बोर, दो खोखा कारतूस 315 बोर, तीन अर्द्धनिर्मित तमंचा व तमंचा बनाने के उपकरण बरामद किए। जिनके विरुद्ध कोतवाली पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है।