श्रावस्ती। हरदत्त नगर गिरंट थाना पुलिस ने शनिवार को अवैध शस्त्र फैक्ट्री का खुलासा किया। पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर मौके से तमंचा कारतूस व अन्य उपकरण बरामद किए।
शनिवार को हरदत्तनगर थाना प्रभारी उमेश सिंह ने सूचना के आधार पर मनवरिया दीवान में छापा मार कर तीन लोगों को दबोचा। उनके कब्जे से 12 बाेर के दो तमंचे, अदि्ध बंदूक, तमंचा समेत अन्य उपकरण बरामद किए। एसपी प्राची सिंह ने बताया कि गिरफ्तार बाला प्रसाद से पूछताछ में ग्राम मनवरिया दीवान में रामबहोरी व हसनू का नाम समाने आया। उन्हें भी गिरफ्तार करके केस दर्ज कर लिया गया है।
थार जीप की टक्कर से दो बाइक सवार घायल
तुलसीपुर (श्रावस्ती)। फोरलेन स्थित रतनापुर बाजार में शनिवार को तेज रफ्तार थार जीप ने एक बाइक को टक्कर मार दी। इसकी चपेट में आकर दोनों बाइक सवार गंभीर घायल हो गए। सोनवा पुलिस ने वाहनों को कब्जे में लेकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हरदत्त नगर गिरंट थाना क्षेत्र के ग्राम सिटकहना के मजरा सिटकहना निवासी तिलकराम यादव शनिवार को गांव निवासी शीतल प्रसाद के साथ मोटरसाइकिल से बहराइच जा रहा था।
सोनवा थाना क्षेत्र के रतनपुर बाजार पहुंचने पर भिनगा से बहराइच जा रही एक तेज रफ्तार थार जीप ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। इसमें दोनों सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद जीप का टायर भी पंचर हो गया। इससे चालक वाहन को मौके पर ही छोड़ कर फरार हो गया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ ही बाइक व जीप को कब्जे में ले कर मामले की जांच कर रही है।