श्रावस्ती / तुलसीपुर। सेहत की जांच के लिए सीएचसी मल्हीपुर, पीएचसी जमुनहा व संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा में हेल्थ एटीएम लगा था। कहीं सहायक उपकरण तो कहीं जानकारी के अभाव में यह एटीएम बंद पड़े हैं।भारत-नेपाल सीमा पर बसे इस जिले में स्वास्थ्य सेवाएं कम होने से नीति आयोग ने इसे बीमारू जिला घोषित किया था। यहां स्वास्थ्य सेवाएं सुधारने के कई प्रयास हुए। इसी क्रम में मल्हीपुर सीएचसी व जमुनहा पीएचसी पर पांच माह पूर्व हेल्थ एटीएम लगाया गया था। इस एटीएम में 59 जांचें होनी थीं। हालांकि विद्युत कनेक्शन और वाईफाई न मिलने से यहां जांचें बाधित रहीं। जिससे मरीजों को निराश लौटना पड़ता था।
कुछ दिन पहले मशीन का ट्रायल शुरू हुआ। शुगर समेत हिमोग्लोबिन की पचास जांचें भी हुईं पर स्ट्रिप खत्म हो जाने से फिर जांचें बंद हो गईं। मल्हीपुर सीएचसी प्रभारी डॉ. सुरजीत सिंह बताते हैं कि सीएचसी में लगी दो मशीनों में एक टेक्नीशियन और दूसरी स्ट्रिप न होने से बंद हैं। वहीं जमुनहा प्राथमिक स्वास्थ्य में एक हेल्थ एटीएम 5 माह पूर्व लगा था। यहां तैनात प्रयोगशाला सहायक जाकिर हुसैन ने बताया कि स्ट्रिप खत्म होने वाली है।
संयुक्त जिला चिकित्सालय में भी लगा हेल्थ एटीएम ऑपरेटर के अभाव में बंद है। सीएमएस डाॅ. जेता सिंह के मुताबिक ऑपरेटर काे प्रशिक्षण दिया जा रहा है जल्द हेल्थ एटीएम काम करेगा।
हेल्थ एटीएम मशीन से दस मिनट में पूरे शरीर की जांच हो सकती है। इसमें पल्स रेट, वजन, प्रेगनेंसी टेस्ट, आर्थराइटिस, डेंगू, मलेरिया, एचआईवी, टाइफाइड, बीपी, शुगर, यूरीन सहित करीब 59 जांचें शामिल हैं। ये जांचें पूरी तरह से निशुल्क हैं।