श्रावस्ती। पेट्रोल पंप पर पहले पेट्रोल भराया और जब सेल्समैन ने पैसे मांगे तो उसके ऊपर फायर झोंक दिया। गोली सेल्समैन के पैर को छूते हुए निकली। घटना की जानकारी होने पर एसपी सहित अन्य अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर घटनास्थल का जायजा लिया। घटना सेमरी मार्ग स्थित अकबरपुर पेट्रोल पंप की है।
सेमरी रोड स्थित अकबरपुर गांव में इंडियन आयल का पेट्रोल पंप है। इसके संचालक प्रेम शुक्ला है। बृहस्पतिवार दोपहर करीब तीन बजकर दस मिनट पर एक मोटरसाइकिल पर दो सवार पहुंचे। उन्होंने अपनी मोटर साइकिल में एक हजार रुपये का पेट्रोल भराया। पेट्रोल भरवाने के बाद जब बलरामपुर निवासी सेल्समैन कालीचरण ने उनसे पैसा मांगा तो मोटर साइकिल पर सवार युवक जो मास्क लगाए थे, उन्होंने सेल्समैन पर फायर झोंक दिया। गोली सेल्समैन के पैर को छूते हुए निकल गई। इस संबंध में एसपी का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम बनाई गई है। जल्द ही उनकी गिरफ्तारी हो जाएगी।