रामगांव पुलिस ने की कार्रवाई, रात के अंधेरे में बॉर्डर पर स्मैक पहुंचाने की फिराक में थे तस्कर
पकड़े गए आरोपियों में तीन बाराबंकी जिले के निवासी
संवाद न्यूज एजेंसी
बहराइच। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी थमने का नाम नहीं ले रही है। बृहस्पतिवार की सुबह तड़के रामगांव थाने की पुलिस ने लखनऊ एसटीएफ के उपनिरीक्षक के साथ चार तस्करों को दबोचा। पकड़े गए तस्करों के पास से सात पैकेटों में 350 ग्राम स्मैक बरामद हुई है। जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत लगभग एक करोड़ दो लाख रुपये बताई जा रही है। पकड़े गए आरोपियों में तीन बाराबंकी जिले के निवासी है।
रामगांव थाना प्रभारी अमितेंद्र को एसपी प्रशांत वर्मा की ओर से मादक पदार्थों की तस्करी पर रोकथाम के आदेश मिले थे। जिसके बाद से मुखबिरों को सक्रिय किया गया था। बृहस्पतिवार की सुबह लगभग 3 बजे गुप्त सूचना मिली कि रामनगर के कुछ तस्कर स्मैक पहुंचाने वाले हैं। जिसके बाद एसटीएफ उपनिरीक्षक पवन सिंह, हाईवे चौकी प्रभारी शशि सिंह के नेतृत्व में टीम बनाकर धर पकड़ के लिए लगा दिया गया। इसी दौरान सुबह लगभग 3:30 पर बहराइच- नानपारा मार्ग पर सोहरवा के पास नानपारा की ओर से एक बाइक और बहराइच की ओर से एक बाइक आकार खड़ी हुई। दोनों आपस में बात करते हुए कुछ लेनदेन करने लगे, तभी चारों को दबोच लिया गया।
तलाशी में उनके पास से सात पैकेटों में 350 ग्राम स्मैक बरामद हुई। जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत लगभग एक करोड़ दो लाख रुपये है। पकड़े गए तस्करों की पहचान बाराबंकी जिले के रामनगर थाना क्षेत्र निवासी मोबीन, सूफियान, एक नाबालिक और रूपईडीहा थाना क्षेत्र के साकेतनगर निवासी जिब्राइल के रूप में हुई है। आरोपियों पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।
इनसेट रूपईडीहा थाना क्षेत्र भेजी जानी थी स्मैक रूपईडीहा थाना क्षेत्र में तस्करी किस कदर बेलगाम है और युवाओं के शरीर में तस्कर किस कदर नशा घोल रहे हैं। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है की बरामद स्मैक रूपईडीहा पहुंचनी थी। रामगांव थाना प्रभारी अमितेंद्र सिंह ने बताया की गिरफ्तार तीन तस्कर बाराबंकी के है और तीनों स्मैक की आपूर्ति करने आए थे। रूपईडीहा से तस्कर स्मैक को लेने आया था।