सिरसिया के डौराबोझी व मल्हीपुर थाना क्षेत्र में वीरगंज व ऐंठा के निकट हुए हादसे
श्रावस्ती/ जमुनहा/तुलसीपुर। सिरसिया व मल्हीपुर थाना क्षेत्र में अलग-अलग हुई मार्ग दुर्घटनाओं में मंगलवार रात चार लोगों की मौत हो गई व तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल व मेडिकल काॅलेज रेफर किया गया है। सिरसिया थना क्षेत्र के ग्राम चिल्हरिया निवासी फूले गोस्वामी (22) बाइक से मंगलवार शाम थाना क्षेत्र स्थित डौराबोझी गांव बरात जा रहा था। इस दौरान उसके साथ बाइक पर गांव का ही ननके वर्मा (20) भी था। वह जैसे ही बाइक लेकर कोयलहवा गांव के निकट पहुंचा तभी साइकिल लेकर आ रहे ऊधव पुरवा निवासी चेतराम (35) से उसकी भिड़ंत हो गई। घटना में फूले गोस्वामी की मौत हो गई। जबकि ननके व चेतराम गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी सिरसिया ले जाया गया।
वहीं मल्हीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पटना के मजरा वीरगंज बाजार निवासी चंद्रिका प्रसाद (35) मंगलवार रात अपने घर के सामने चारपाई पर सो रहा था। जबकि बगल में जमीन पर उसकी पत्नी दीपाली सो रही थी। बुधवार भोर मिट्टी खनन कर लौट रही ट्रैक्टर-ट्राॅली ने दंपती को रौंद दिया। घटना में चंद्रिका की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दीपाली गंभीर रूप से घायल हो गई।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से उसे सीएचसी मल्हीपुर लाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद चालक मौके पर वाहन छोड़ कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची मल्हीपुर पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राॅली को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक मल्हीपुर रामपाल यादव का कहना है कि मृतक की पत्नी दीपाली की तहरीर पर अज्ञात चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
एक अन्य घटना में मल्हीपुर थाना क्षेत्र के ही वीरपुर लौकिहा निवासी लवकुश (15) गांव के ही रमेश (45) की बाइक से मंगलवार रात वीरगंज बाजार में आयोजित मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था। जैसे ही वह बाइक लेकर लौकिहा व एठा के मध्य पहुंचा तभी अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों बाइक सहित मार्ग किनारे तालाब में जा गिरे।
हादसे में दोनों को गंभीर चोट आई। जिन्हें सीएचसी मल्हीपुर लाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद रमेश को मेडिकल काॅलेज बहराइच रेफर कर दिगा गया, जबकि लवकुश को संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा रेफर किया गया। हालत में सुधार न होने पर उसे मेडिकल काॅलेज बहराइच रेफर किया गया। जिसकी बहराइच ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। परिजनों ने बुधवार को शव का अंतिम संस्कार कर दिया है।
सोनवा थाना क्षेत्र के ग्राम धुसवा निवासी राहुल वर्मा ( 25 ) मंगलवार को थाना क्षेत्र के दुगारा अपनी ससुराल गया था। जहां से देर शाम वह बाइक से अपने घर लौट रहा था। जैसे ही वह बाइक लेकर भिनगा-बहराइच मार्ग स्थित सोनवा थाना क्षेत्र के भारी गांव के पास पहुंचा। तभी फोरलेन पर बैठे मवेशियों से उसकी बाइक टकरा गई। जिसमें राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे जिला अस्पताल बहराइच पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान राहुल की मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर बुधवार को शव का अंतिम संस्कार कर दिया है।