श्रावस्ती। युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग की ओर से मंगलवार शाम जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर में जिला स्तरीय युवा उत्सव आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने लोक नृत्य, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, कविता लेखन और पेंटिंग प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग किया। लोक नृत्य में जनता इंटर कॉलेज, नुक्कड़ नाटक में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय और सामूहिक लोकगीत में जवाहर नवोदय विद्यालय प्रथम रहा। कविता लेखन में राम जी और पेंटिंग में गरिमा ने पहला स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक प्रतिनिधि अवधेश पांडे ने किया। जिला युवा कल्याण अधिकारी प्रदीप कुमार त्रिपाठी ने बताया कि विजेता कलाकार मंडल स्तरीय युवा उत्सव में प्रतिभाग करेंगे। विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। इस दौरान क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी माता प्रसाद जायसवाल, अतुल कुमार और रवि कुमार, सैयद राजा इमाम रिजवी, नंदिनी सिंह, शिव शरन यादव, प्रमोद कुमार आदि मौजूद रहे।