बैरियर चौराहा से भिनगा आने वाले क्षतिग्रस्त मार्ग पर बोरी रख बनाया गया डिवाईडर
- फोटो : SRAWASTI
जमुनहा/कटरा (श्रावस्ती)। राप्ती नदी में आई बाढ़ से जिले के कई प्रमुख मार्ग क्षतिग्रस्त हो गए थे। इनकी अब तक मरम्मत नहीं कराई गई है। मल्हीपुर बैरियर चौराहे से भिनगा जाने वाला मार्ग मधवापुर घाट पुल के पास क्षतिग्रस्त हो गया था। कटरा-मथुरा मार्ग भी बाढ़ से क्षतिग्रस्त हो गया था। बौद्ध परिपथ से जेतवन परिसर व कटरा पावर हाउस जाने वाला मार्ग भी बाढ़ के कारण क्षतिग्रस्त हो गया था।
मल्हीपुर बैरियर चौराहे से भिनगा जाने वाले मार्ग में भी दरार पड़ गई थी। आधा मार्ग पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया था। मरम्मत न कराकर आधे मार्ग से ही काम चलाया जा रहा है। वहीं, कटरा में मार्ग की गिट्टियां उखड़ जाने के कारण दो पहिया वाहनों के पलटने का खतरा है। भुजंगा से सेमरी तरहर जाने वाले मार्ग सहित जमुनहा, गिलौला व हरिहरपुररानी सहित इकौना क्षेत्र के प्रमुख संपर्क मार्गों की भी हालत बदतर है। पीडब्ल्यूडी के अधिशाषी अभियंता एसके हरित बताते हैं कि क्षतिग्रस्त मार्गों की सूची शासन को भेजी गई है। पैसा मिलते ही मरम्मत शुरू करा दी जाएगी।