बछरावां (रायबरेली)। लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर कन्नावां के निकट घने कोहरे के चलते पांच वाहनों की आपस में टक्कर हो गई। हादसे में चार कार सवार घायल हो गए, जिनका निजी अस्पताल में इलाज कराया गया। हादसे के चलते हाईवे पर एक घंटे तक वाहनों का आवागमन प्रभावित रहा। इससे लोग परेशान रहे।
लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर कन्नावां गांव के निकट हाईवे पर शनिवार सुबह आठ बजे एक स्कूल वैन के मुड़ते समय रायबरेली की ओर से आ रही कार ने टक्कर मार दी। घटना के बाद दोनों वाहनों के रुकते ही पीछे से आ रहे एक कंटेनर ने कार में टक्कर मार दिया। घने कोहरे के चलते चालक कंटेनर लेकर फरार हो गया।
इसी दौरान रायबरेली की ओर से आ रहे ट्रक चालक ने घटना को देखते ही ट्रक को रोक दिया, तभी पीछे से आ रही एक दूसरी डिजायर कार ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई।
हादसे में डिजायर कार सवार रायबरेली शहर के छोटी बाजार रंग महल निवासी वैंस फारुकी (३६), जैद फारुकी (51), शमीम (71) और गाड़ी चालक कैफ (27) घायल हो गए। सभी लखनऊ एयरपोर्ट पर फ्लाइट पकड़ कर हज करने जा रहे थे, तभी हादसा हो गया।
घायलों को राहगीरों की मदद से एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पर चारों का इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक फारुकी, शमीम की हालत गंभीर है। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से वाहनों को सड़क की पटरी से हटवाकर आवागमन शुरू कराया।
कोतवाली प्रभारी विजेंद्र शर्मा ने बताया कि वाहनों को सड़क की पटरी से हटवाकर यातायात बहाल कर दिया गया है।
खड़ी ट्रैक्टर-ट्राॅली से टकराई बाइक, युवक घायल
बछरावां (रायबरेली)। शिवगढ़ थाना क्षेत्र के गूढ़ा गांव निवासी राहुल वर्मा (27) पुत्र अरविंद शुक्रवार शाम गूढ़ा से बछरावां किसी कार्य से आया था। रात 11 बजे बाइक से घर वापस जाते समय शिवगढ़ रोड नहर कोठी के निकट खड़ी ट्रैक्टर-ट्राॅली से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से घायल युवक को सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सक डॉ. नवीन शर्मा ने उपचार कर हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। चिकित्सक ने बताया कि बाइक सवार बिना हेलमेट लगाए बाइक चला रहा था। इस कारण सर पर गंभीर चोट आई है। कोतवाली प्रभारी विजेंद्र शर्मा ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।