श्रावस्ती। सिरसिया क्षेत्र के स्कूल से लौट रही एक छात्रा के साथ गांव निवासी युवक ने छेड़छाड़ की और फिर उसकी मांग में सिंदूर भर दिया। छात्रा के परिजनों की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। सिरसिया थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी चार अगस्त को उच्च प्राथमिक विद्यालय में पढ़ने गई थी। जहां से लौटने के दौरान गांव निवासी युवक ने उसका रास्ता रोक लिया और उसके साथ छेड़छाड़ की। आरोप है कि युवक छेड़छाड़ तक ही नहीं रुका और उसने छात्रा की मांग में सिंदूर भर दिया। डर के मारे छात्रा ने परिजनों को कुछ नहीं बताया। अगले दिन पांच अगस्त को छात्रा ने हिम्मत कर परिजनों को आपबीती बताई। छात्रा के पिता ने छह अगस्त को आरोपी के खिलाफ थाने में तहरीर दी। थाना प्रभारी सौरभ सिंह ने बताया कि आरोपी युवक के खिलाफ पॉक्सो, छेड़छाड़ आदि धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।