श्रावस्ती। गिलौला क्षेत्र के कोट मुबारकपुर गांव में न्यायिक दंडाधिकारी के आदेश पर पुसई, मझिला, कौशल और बड़का के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट, चोरी समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। राम दुलारी ने न्यायालय में दिए वाद में आरोप लगाया कि तीन अगस्त शाम भूमि विवाद में चारों ने उन्हें और उनके बच्चों को पीटा। मारपीट में उनके दो दांत टूट गए और सिर में गंभीर चोट आई। आरोप है कि पुसई और बड़का घर में रखे 20 हजार रुपये और चांदी की पायल ले गए। ग्रामीणों के जुटने पर आरोपी धमकी देकर चले गए। थाने में सुनवाई न होने पर उन्होंने न्यायालय की शरण ली। थाना प्रभारी राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि जांच शुरू कर दी गई है।