केजीबीवी हरिहरपुर रानी में छात्राओं को जागरूक करती महिला आरक्षी।
श्रावस्ती। मिशन शक्ति अभियान 5.0 के द्वितीय चरण के तहत मंगलवार को विभिन्न थानों की मिशन शक्ति टीमों ने स्कूलों और गांवों में जागरूकता चौपाल आयोजित की। एएसपी चंद्रकेश सिंह ने बताया कि स्कूलों में छात्राओं को गुड टच और बैड टच की जानकारी दी गई। छात्राओं को समझाया गया कि गाल, गले, कमर के नीचे या शरीर के निजी अंगों को गलत तरीके से छूना बैड टच है। ऐसी स्थिति में तत्काल मां या शिक्षिका को जानकारी दें। गांवों में महिलाओं और किशोरियों को सोशल मीडिया फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, वेबसाइट और संदिग्ध लिंक से सावधान रहने की सलाह दी गई। ओटीपी, बैंकिंग विवरण साझा न करने, मजबूत पासवर्ड रखने और साइबर ठगी पर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करने की अपील की गई।