श्रावस्ती। बोर्ड परीक्षा के दौरान नियमों का पालन कराने के लिए केंद्र व्यवस्थापक को एक पत्र जारी किया गया है। डीआईओएस की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि बालिका परीक्षार्थी की तलाशी ड्यूटी पर तैनात पुरुष नहीं करेंगे। साथ ही जूते-मोजे उतरवा कर परीक्षा कराने की भी मनाही की गई है। पत्र में कहा गया है कि परीक्षार्थी एक घंटा पूर्व परीक्षा केंद्र पर पहुंचें। केंद्र व्यवस्थापक व अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक अपनी उपस्थिति में डबल लाॅक खुलवा कर प्रश्न पत्र निकलवाएं। सब कुछ सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होगा। साथ ही प्रतिदिन सीसीटीवी, सुरक्षा, वॉयस रिकाॅर्डर व सुरक्षा बल को लेकर समीक्षा की जाएगी। कमी होने पर उच्च अधिकारियों को सूचना भेजी जाएगी। सुनिश्चित करना है कि बालिका परीक्षार्थियों की तलाशी केवल महिला अध्यापिकाओं द्वारा ही ली जाए। बाहरी व्यक्तियों का परीक्षा केंद्र में प्रवेश व फोटोग्राफी वर्जित रहेगी। साथ ही परीक्षा के विषय में प्रेस ब्रीफिंग नहीं की जा सकेगी।
वर्जन
केंद्र व्यवस्थापकों को पत्र भेजा गया है। इसमें गेट पर तलाशी से लेकर काॅपी संकलन केंद्र तक भेजने की पूरी प्रक्रिया बताई गई है। -संत प्रकाश डीआईओएस