श्रावस्ती। जिले में बिजली चोरी के लिए नई-नई तकनीक अपनाई जा रही है। कहीं कटिया तो कहीं बाईपास का सहारा लिया जा रहा है। इतना ही नहीं मीटर में चिप लगा कर उसकी गति 85 प्रतिशत तक कम की जा रही है। इसका खुलासा करते हुए विजिलेंस टीम ने एक-एक चिकित्सक, लेखपाल पुत्र व प्रमुख व्यवसायी सहित सोलह लोगों पर कार्रवाई किया है। जिले में बिजली चोरी रोकने व लाइन लास को कम करने के लिए विजिलेंस टीम प्रवर्तन निरीक्षक राम अधार चौहान के नेतृत्व में छापा मार रही है। टीम ने भिनगा नगर के मोहल्ला बारी निवासी लेखपाल प्रेम प्रकाश पाठक व मोहल्ला बंदरहा निवासी फसी अख्तर के घर में बिजली चोरी पकड़ी। दोनों ही घरों में मीटर में विशेष प्रकार की चिप (रजिस्टेंस) लगाकर बिजली चोरी की जा रही थी। इससे मीटर की गति 85 प्रतिशत तक कम हो जाती है।
वहीं, टीम ने गिलौला बाजार निवासी डा. प्रहलाद मिश्रा व अनुराग गुप्ता के यहां बाईपास के सहारे बिजली चोरी करते पकड़ा। सेमरी चौराहा पर धर्मेंद्र शुक्ला, संतोष वर्मा व परमजीत वर्मा को बाईपास के सहारे बिजली चोरी करते पकड़ा गया। जबकि रामशंकर गौतम, शिवदयाल तिवारी, रामकुमार वर्मा बिना कनेक्शन के बिजली का उपभोग करते पकड़े गए। व
इनके अलावा टीम ने बंठिहवा चौराहे पर इलारुद्दीन व असजद खां को बिजली चोरी करते पकड़ा। इकौना के परशुराम नगर चौराहा से ओंकार नाथ गोस्वामी, संजय कुमार, राजू को बाईपास व मुकीम अहमद, देशराज यादव बगैर कनेक्शन के बिजली चोरी करते पकड़ा। टीम में जेई सीडी गुप्ता, एई मीटर मनीष कुमार गौड़, एसडीओ नील मिश्रा, सहायक अभियंता आशीष कुमार सरोज, जेएमटी रमेश यादव व कमल राज शामिल रहे। बिजली चोरी करने वालों के विरुद्ध विजिलेंस टीम की ओर से कार्रवाई की गई। संवाद