विद्युत उपकेंद्र घोलिया में मरम्मत करते विद्युत कर्मी।
श्रावस्ती। विद्युत उपकेंद्र भिनगा व घोलिया में बुधवार को फीडर व लाइनों की मरम्मत से सारा दिन विद्युत आपूर्ति बाधित रही। जिससे 50 हजार उपभोक्ता परेशान रहे। हालांकि पूर्व सूचना होने के कारण लोगों को ज्यादा दिक्कत नहीं हुई।
बुधवार को विद्युत उपकेंद्र भिनगा व घोलिया सहित आईपीडीएस बगुरइयां में 33 केवी लाइन की मरम्मत व अनुरक्षण कार्य होने से दोपहर बारह बजे से इन तीनों उपकेंद्रों की आपूर्ति 132 केवीए भिनगा उपकेंद्र से बाधित कर दी गई। बिजली निगम ने मंगलवार को ही उपभोक्ताओं को इसकी सूचना दे दी गई थी। लोगों ने पेयजल की व्यवस्था सुबह ही कर ली थी। काफी देर तक बिजली न आने से लोगों के घरों में इन्वर्टर डिस्चार्ज होकर बंद हो गया। सरकारी कार्यालयों सहित बिजली के सहारे संचालित दुकानों, कुटीर उद्योगों व जनसेवा केंद्र आदि के संचालन पर असर दिखा।
बिजली के टावर पर चढ़ा मंदबुद्धि, सुरक्षित उतारा
जिले के आपदा कंट्रोल रूम पर मंगलवार शाम पुष्कर यादव ने सूचना दी कि भिनगा कोतवाली क्षेत्र के खनपुरवा में लगे बिजली के टावर पर एक मंदबुद्धि युवक चढ़ गया है। आपदा विशेषज्ञ अरुण कुमार मिश्रा ने विद्युत विभाग समेत अन्य संबंधित आपातकालीन सेवाओं को सूचित किया। एसडीओ सदर नील मिश्र ने बहराइच से समन्वय करके विद्युत आपूर्ति बाधित करवाई। इस बीच पुलिस ने घरवालों के सहयोग से युवक को सुरक्षित नीचे उतरवाया।