श्रावस्ती। सिरसिया थाना क्षेत्र के चिल्हरिया मोड़ से बृहस्पतिवार सुबह साइकिल से वापस अपने घर चिल्हरिया गांव लौट रहे वृद्ध को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सीएचसी सिरसिया ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाश का पंचनामा भरा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है। सिरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम चिल्हरिया निवासी राम मिलन (65) पुत्र राम लखन बृहस्पतिवार सुबह करीब आठ बजे कहीं गया था। जहां से वह साइकिल से वापस अपने घर लौट रहा था। जैसे ही वह साइकिल लेकर चिल्हरिया मोड़ स्थित रमजान अली के घर के सामने पहुंचा तभी भिनगा से सिरसिया जा रही तेज रफ्तार ट्रक ने उसे रौंद दिया। घटना के बाद ट्रक चालक मौके पर रुके बिना वाहन सहित मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों की सूचना के बाद भी एंबुलेंस के न आने पर लोगों ने इसकी सूचना डायल 112 पर दिया। मौके पर पहुंची पीआरवी से घायल राम मिलन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिरसिया ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने अज्ञात चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर लाश को पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है। वहीं घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। संंवाद