तुलसीपुर। घर के सामने खड़ी मासूम के ऊपर टिन शेड लादकर जा रहा ई रिक्शा पलट गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल मासूम बालिका को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां मासूम की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। सोनवा थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत तुलसीपुर के मजरा पीड़वा निवासी अनीता यादव (7) रविवार देर शाम तुलसीपुर-रिसिया मार्ग के किनारे घर के सामने खड़ी थी। इस दौरान तुलसीपुर की ओर से टिन शेड व एंगल पाइप लेकर आ रहा ई रिक्शा अनीता के ऊपर पलट गया। ई रिक्शा के नीचे दबने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने निजी वाहन से आननफानन में उसे मेडिकल कॉलेज बहराइच पहुंचाया। जहां से चिकित्सकों ने उसे ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।