पुलिस लाइन में रैतिक परेड के दौरान शस्त्रों की जांच का निरीक्षण करती व भोजन की गुणवत्ता जांचती
श्रावस्ती। रिजर्व पुलिस लाइन भिनगा में शुक्रवार को एसपी ने रैतिक परेड की सलामी ली। साथ ही उन्होंने परेड का निरीक्षण भी किया। इस दौरान शारीरिक व मानसिक रूप से फिट रहने के लिए दौड़ लगवाई। साथ ही अनुशासन व एकरूपता बनाए रखने के लिए टोलीवार ड्रिल करवाई। इसके बाद उन्होंने पुलिस लाइन का निरीक्षण कर मिली कमियों को दुरुस्त करने के लिए आरआई को निर्देशित किया। पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने रैतिक परेड की सलामी लेकर परेड का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने यूपी 112 पीआरवी वाहनों का निरीक्षण किया। खामियों को दूर करने के लिए प्रभारी यूपी 112 को निर्देशित किया गया। इसके बाद उन्होंने क्वार्टर गार्द, परिवहन शाखा का निरीक्षण किया। साथ ही भोजनालय में पहुंच कर भोजन की गुणवत्ता जांची। एसपी ने डीसीआर, बैरक, शौचालय आदि का निरीक्षण भी किया। जहां मिली कमियों को दुरुस्त करने व सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए निर्देशित किया। आदेश कक्ष में एसपी ने सभी गार्द रजिस्टरों को चेक कर गार्द सुरक्षा के संबंध में सभी गार्द कमांडरों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। इस दौरान सीओ सिटी अतुल कुमार चौबे, सीओ जमुनहा सतीश कुमार शर्मा, प्रभारी प्रतिसार निरीक्षक सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।