श्रावस्ती। केंद्रीय विद्यालय भिनगा के बच्चों ने सोमवार को नशा मुक्ति दिवस पर एक रैली निकाल कर लोगों को नशे की लत होने वाले नुकसान के बारे में जागरूक किया। रैली को विद्यालय के प्राचार्य ने झंडी दिखाकर विद्यालय से रवाना किया। रैली विद्यालय परिसर होते हुए अस्पताल चौराहा, कलेक्ट्रेट होते हुए पुन: विद्यालय पहुंच कर खत्म हुई। जहां एक पोस्टर प्रतियोगिता, स्लोगन लेखन प्रतियोगिता व गोष्ठी का आयोजन भी किया गया।
रैली में शामिल बच्चे हाथों में युवा पीढ़ी का भविष्य अंधकार में, नशे का शिकंजा, नशा एक जहर इससे रहो दूर सहित अन्य जागरूकता से जुड़े स्लोगन लिखी तख्तियां हाथों में लेकर लोगों से नशे से दूर रहने की अपील कर रहे थे। रैली के समापन पर एक गोष्ठी का आयोजन भी किया गया।
इसमें मौजूद प्राचार्य डा. गीतेश सिंह ने कहा कि नशे के सेवन से मनुष्य का जीवन अंधकार में डूब रहा है। नशे की लत न केवल व्यक्ति का शारीरिक व मानसिक नुकसान करता है बल्कि उसके परिवार को भी पतन की ओर धकेल देता है। इस पर प्रभावी तरह से रोक लगनी चाहिए। कार्यक्रम में शिक्षिका प्रिया सिंह, पूजा शर्मा, श्रीप्रकाश मिश्र, अभिनव चतुर्वेदी सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।
नशा का सेवन कर अंधकार की ओर बढ़ रहा युवा
कटरा। नशा उन्मूलन दिवस पर बौद्ध तपोस्थली में एक गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता बौद्ध भिक्षु अशोक कुमार बौद्ध ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज युवा वर्ग शराब, गुटखा, तंबाकू, बीड़ी, सिगरेट का सेवन कर रहा है। जिससे उनका भविष्य अंधकार की ओर जा रहा है।
उन्हें समझना चाहिए कि किसी भी प्रकार का नशा उनके लिए आगे चलकर हानिकारक और जानलेवा साबित हो सकता है। ऐसे में हमें शपथ लेनी होगी कि हम लोगों को इसके दुष्परिणाम की जानकारी देकर लोगों को इससे दूर रखेंगे । इस दौरान काफी संख्या में बौद्ध भिक्षु मौजूद रहे।