श्रावस्ती। जिले के न्यायिक, पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी शुक्रवार को जिला कारागार बहराइच पहुंचे। जहां उन्होंने जेल का निरीक्षण किया। इस दौरान बंदियों से मिलकर उन्हें मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। साथ ही महिला कैदियों व नवजात शिशुओं का संपूर्ण टीकाकरण कराने का निर्देश दिया।
भिनगा में जिला कारागार का संचालन प्रारंभ न हो पाने के कारण बहराइच जेल में ही जिले के बंदियों को भी रखा गया है। जिसका शुक्रवार को जिला जज गौरव कुमार श्रीवास्तव, डीएम नेहा प्रकाश व एसपी अरविंद कुमार मौर्य ने मातहतों के साथ त्रैमासिक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने जेल में निरुद्ध विचाराधीन व सजायाफ्ता कैदियों से मिलकर उनका हाल जाना। साथ ही उन्हें जेल प्रशासन की ओर से दी जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
वहीं महिला बंदी बैरक, पुरुष बंदी बैरक, पाक पाठशाला व अस्पताल का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान महिला बैरक में कई गर्भवती महिला कैदी तो कई नवजात शिशु के साथ मौजूद मिलीं। जिनके नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने व उनका शत-प्रतिशत टीकाकरण कराने का निर्देश दिया गया।
इस दौरान अधिकारियों ने बंदियों से उनकी समस्याएं सुनकर उसके निपटारे के लिए जेल अधीक्षक को निर्देशित किया। निरीक्षण के दौरान सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण व अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश राम चंद्र यादव, अधिवक्ता अशोक कुमार शर्मा, जेल अधीक्षक सहित जेल प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।