ऑपरेशन कवच के तहत नेपाल सीमा से सटे गांव में लगी चौपाल
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रावस्ती। सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को सिरसिया के भरथारोशन गढ़ में डीएम ने चौपाल लगाई। ऑपरेशन कवच के तहत नेपाल सीमा से सटे गांव में आयोजित चौपाल में डीएम ने गर्भधात्री महिलाओं की गोदभराई सहित शिशुओं का अन्नप्राशन भी कराया।
चौपाल में डीएम नेहा प्रकाश ने ग्रामीणों से कहा कि यदि उन्हें विधवा पेंशन, दिव्यांगजन पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, अल्पसंख्यक कल्याण पेंशन आदि नहीं मिल रही है और वे पात्र हैं तो आवेदन करें। सत्यापन कराकर ग्रामीणों को लाभान्वित कराया जाएगा। साथ ही ग्रामीणों को सार्वजनिक भूमि, चकमार्ग व रास्तों पर अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी। इस दौरान उन्होंने समाज कल्याण, प्रोबेशन, स्वास्थ्य, जल निगम, खाद्य एवं रसद, पंचायत राज, राष्ट्रीय आजीविका मिशन सहित अन्य विभागों की योजनाओं की जानकारी दी। सीडीओ अनुभव सिंह ने कहा कि विकास के लिए गांव में खडंजा, नाली, तालाब, पात्रों को पेंशन एवं आवास देने की कार्ययोजना तैयार की जाए जिससे गांव के विकास के साथ ही पात्रों को लाभान्वित किया जा सके। वहीं, एसएसबी के असिस्टेंट कमांडेंट पंचानंद महाजन ने सीमा पार अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए एसएसबी का सहयोग करने की अपील की। इस मौके पर विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र, टॉफी-चॉकलेट सहित आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों को गोल्डन कार्ड प्रदान किया गया। इस मौके पर सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। संवाद