स्वगणना करने के बाद लैपटाप दिखाते डीएम।
श्रावस्ती। जनगणना 2027 के दूसरे चरण के तहत रविवार को डीएम मनोज कुमार राय ने आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से अपनी स्वगणना पूरी की। उन्होंने जिले के नागरिकों से भी ऑनलाइन स्वगणना करने की अपील की। डीएम ने कहा कि जनगणना देश के विकास की योजनाओं और नीतियों का आधार है। इसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है। स्वगणना के लिए पोर्टल पर मोबाइल नंबर से लॉगिन कर मकान और परिवार का विवरण दर्ज करना होगा। प्रक्रिया पूरी होने पर विशिष्ट स्वगणना पहचान संख्या (एसईआईडी) मिलेगी। इसे सुरक्षित रखना होगा और घर-घर गणना के दौरान प्रगणक को उपलब्ध कराना होगा। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों, सामाजिक संगठनों और शिक्षण संस्थानों से भी सहयोग की अपील की।