श्रावस्ती। जन शिकायत निस्तारण के मामले में जिले की पुलिस को प्रदेश में पहला स्थान मिला। यही नहीं थानों की रैंकिंग में भी जिले के छह थानों को प्रदेश में प्रथम स्थान मिला है। इन थानों ने प्राप्त शिकायतों को शत-प्रतिशत निस्तारण किया है।
जन शिकायत निस्तारण का प्रतिमाह शासन द्वारा समीक्षा की जाती है। जून में हुई समीक्षा में जिले की पुलिस को प्रथम स्थान मिला है। यहीं नहीं जिले के छह थानों को भी प्रदेश की रैंकिंग में प्रथम स्थान मिला। प्रथम स्थान पाने वाले थानों में मल्हीपुर, हरदत्त नगर गिरंट, इकौना, सोनवा, गिलौला तथा महिला थाना शामिल है। इन थानों ने जून माह में आईजीआरएस के तहत प्राप्त प्रार्थना पत्रों का शत-प्रतिशत निस्तारण कर दिया था। इनका कोई भी संदर्भ डिफाॅल्टर की श्रेणी में और न ही सी श्रेणी में पाया गया।
थाना मल्हीपुर में वादी का संतोषजनक फीडबैक सबसे अधिक 86.66 प्रतिशत था। इस संबंध में एसपी प्राची सिंह का कहना है कि आम लोगों के शिकायतों के निस्तारण के लिए जिले को पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान मिला है। जबकि छह थाने भी प्रदेश की रैंकिंग में प्रथम स्थान पर हैं। इसके लिए प्रत्येक थानों में अलग से कर्मचारियों की तैनाती है। जिससे प्रतिदिन जिले के अधिकारी फीडबैक लेते है। यही नहीं राजस्व के मामलों में पुलिस व राजस्व की संयुक्त टीम गठित है। वहीं समय से मामलों का निस्तारण करती है।