- समीक्षा बैठक में 15 दिन के भीतर स्थिति सुधारने का निर्देश
- खराब प्रदर्शन वाले विभागों के अधिकारियों को डीएम ने लगाई फटकार
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रावस्ती। बायो मेडिकल उपकरणों के रखरखाव, मध्याह्न भोजन, प्रोजेक्ट अलंकार सहित कई मामलों में जिला प्रदेश के सबसे निचले पायदान पर खड़ा है। इसकी समीक्षा शुक्रवार को डीएम ने कलेक्ट्रेट सभागार में की। इस मौके पर खराब प्रदर्शन करने वाले विभागों को स्थिति सुधारने के लिए 15 दिन का मौका दिया गया है।
मुख्यमंत्री के प्राथमिकता वाले कार्यों की समीक्षा बैठक के दौरान पाया गया कि जिले का स्वास्थ्य विभाग मेडिकल उपकरण रखरखाव के मामले में प्रदेश की सूची में सबसे निचले पायदान पर है। ऐसे ही एमडीएम के मामले में जिले की स्थिति चिंताजनक है। अंडा उत्पादन में जिले की स्थिति शून्य है। माध्यमिक प्रोजेक्ट अलंकार के साथ ही मातृ शिशु एवं बालिका मदद योजना के साथ ही मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना में भी सबसे निचले पायदान पर खड़ा है। यही स्थिति विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना की है। यहां सितंबर माह तक जिले की स्थिति शून्य थी।
हालांकि 15वां वित्त आयोग के तहत मिलने वाले पैसे से पंचायतों ने खूब विकास किया। इसके चलते जिले का स्थान पूरे प्रदेश में पांचवां रहा। जिन विभागों की स्थिति ठीक नहीं थी, उनके अधिकारियों को डीएम कृतिका शर्मा ने फटकार लगाई। इस मौके पर डीएम ने कहा कि जिन विभागों का जो विषय खराब है, वह अपने कार्यों में सुधार कर लें। इसके साथ ही जिन विभागों की रैंकिंग पांच के बाद है, वह भी अपनी कार्य प्रणाली में बदलाव लाएं। योजनाओं को ठीक से लागू करें, ताकि अक्तूबर की रैंकिंग में सुधार हो। इस मौके पर सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। संवाद