श्रावस्ती। जिला एवं सत्र न्यायाधीश दिनेश चंद ने बृहस्पतिवार को डीएम अन्नपूर्णा गर्ग और एसपी राहुल भाटी के साथ जिला कारागार का निरीक्षण किया। उन्होंने बंदियों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और शासन से मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने रसोईघर, खाद्यान्न स्टोर, महिला, पुरुष व किशोर बैरक तथा अस्पताल का जायजा लिया। इस दौरान बंदियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। जिला जज ने कारागार प्रशासन को साफ-सफाई बनाए रखने, निर्धारित मानकों के अनुसार गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने और बंदियों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट विनीत यादव, जेल अधीक्षक राजकुमार आदि मौजूद रहे।