श्रावस्ती। मल्हीपुर क्षेत्र में सलहज के साथ दोस्त के घर पहुंचे एक अधेड़ की बृहस्पतिवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर जांच की। इसके साथ महिला को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
मल्हीपुर क्षेत्र के ग्राम मल्हीपुर खुर्द निवासी आदित्य प्रसाद श्रीवास्तव उर्फ उत्तम (50) की दोस्ती क्षेत्र के शिकारी चौड़ा मजरा गनेशपुर निवासी बेचेलाल से थी। बेचेलाल की कुछ वर्ष पूर्व मौत हो चुकी है। गुरुवार को आदित्य प्रसाद हरदत्तनगर गिरंट क्षेत्र की रहने वाली अपनी सलहज के साथ गणेशपुर गया ता। दोनों रात में बेचेलाल के घर पर रुके थे। शुक्रवार भोर के सलहज की आंख खुली तो उसने आदित्य प्रसाद को जमीन पर पड़ा देखा। आदित्य को बेहोश पाकर सलहज ने शोर मचाया। बेचेलाल का बेटा छोटू मौके पर पहुंचा और मल्हीपुर पुलिस को सूचना दी।
फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद आदित्य के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आदित्य की सलहज को पुलिस पूछताछ के लिए थाने ले गई। मल्हीपुर एसओ जयहरि मिश्रा के अनुसार घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को शराब का गिलास व दवा का रैपर मिला है। उसे सील कर जांच के लिए भेजा गया पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह स्पष्ट होने के बाद कार्रवाई की जाएगी।