जमुनहा (श्रावस्ती)। एजेंट पुरवा हरही निवासी एक व्यक्ति रविवार को मछली मारने सरयू नहर गया था। जहां पैर फिसल जाने के कारण वह गहरे पानी में डूब गया। साथ मे मौजूद लोगों की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने शव को नहर से बाहर निकाला। मौके पर पहुंची मल्हीपुर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है।
मल्हीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मनवरिया दीवान के मजरा एजेंट पुरवा हरही निवसी जाबिर उर्फ वैद्ये (40) पुत्र महमूद रविवार सुबह करीब नौ बजे बजे मछली मारने के लिए सरयू नहर गया था। जहां नहर में जाल लगाते समय अचानक पैर फिसल जाने के कारण वह गहरे पानी में चला गया। आसपास मौजूद लोग जब तक उसे बचाने का प्रयास करते वह नहर में पानी अधिक होने के कारण डूब गया। इसकी सूचना साथ में मौजूद लोगों द्वारा गांव आकर परिजनों को दी।
जानकारी के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने ग्रामीणों के सहयोग से शव को नहर से बाहर निकलवाया। साथ ही इसकी सूचना मल्हीपुर पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची मल्हीपुर पुलिस ने शव का पंचनामा भराकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है। मामले में मृतक की पत्नी कमरुल ने मल्हीपुर पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर अपने पति की हत्या की आशंका जताई है। वहीं इस बारे में प्रभारी निरीक्षक मल्हीपुर हर्षवर्धन सिंह का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमास्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)