गिलौला (श्रावस्ती)। गिलौला थाना क्षेत्र के रैमुनिया गांव के पास सरयू नहर के साइफन में शुक्रवार को एक युवक की लाश फंसी दिखी। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
गिलौला थाना क्षेत्र के रैमुनिया गांव के कुछ ग्रामीण शुक्रवार सरयू नहर के पास गए थे। जहां नहर की साइफन में उन्हें एक युवक की लाश फंसी दिखी। जिसकी सूचना ग्रामीणों द्वारा गिलौला पुलिस को दी गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। वहीं लोग आशंका जता रहे हैं कि लेंगडी गूलर स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक में इलेक्ट्रिकल प्रथम वर्ष का छात्र प्रयागराज निवासी कार्तिकेय प्रजापति हॉस्टल में रहता था।
वह 6 जनवरी को नहर में नहाने गया था। जहां नहाते समय अचानक वह नहर में डूब गया था। जिसकी तलाश स्थानीय पुलिस व एनडीआरएफ के जवानों द्वारा की गई। लेकिन छात्र का अब तक पता नहीं चला। ऐसे में 15 दिन बाद रैमुनिया गांव के पास सरयू नहर के साइफन में फंसी युवक की लाश कार्तिकेय प्रजापति की तो नहीं। इसकी आशंका जताई जा रही है। इस बारे में थानाध्यक्ष गिलौला विष्णु देव पांडे ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम हाउस भिनगा में शिनाख्त के लिए रखवाया गया है। पॉलिटेक्निक छात्र कार्तिकेय प्रजापति के घर परिजनों को शिनाख्त के लिए सूचना दे दी गई है। परिजनों के आने के बाद ही इसकी पुष्टि हो सकेगी। (संवाद)