श्रावस्ती। अपनी मांगों को लेकर न्यायालय कर्मचारी संघ लगातार ज्ञापन सौंप रहा है। इसके बावजूद उनकी समस्याएं दूर नहीं हो रही हैं। ऐसे में कर्मचारियों ने सोमवार से दीवानी न्यायालय कर्मचारी संघ के बैनर तले काली पट्टी बांध कर विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया है। कहा, 30 अप्रैल को न्यायालय कर्मी प्रयागराज में प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपेंगे। दीवानी न्यायालय कर्मचारी संघ उत्तर प्रदेश के बैनर तले कर्मचारी अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए प्रयासरत हैं। उनकी मांग है कि जनपद न्यायालय के कर्मचारी का अंतर जनपदीय स्थानांतरण किया जाए। दिव्यांग, महिलाएं व बीमारी के आधार पर स्थानांतरण चाहने वाले कर्मचारी के लिए विभागीय नियमावली का संशोधन कर उनका स्थानांतरण किया जाए। मृतक आश्रित कार्मिकों के साथ न्याय देने, एफटीसी कर्मचारियों की वेतनवृद्धि व नियमितीकरण तथा अधीनस्थ न्यायालय में बढ़ते कार्य बोझ जैसी गंभीर समस्याओं को दूर करने समेत कई मांगें पूरी कराने के लिए न्यायालय कर्मी सात अप्रैल तक काला फीता बांध कर विरोध जता रहे हैं।
कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि अगर 30 अप्रैल तक मांगें पूरी न हुईं तो प्रयागराज में आयोजित महासम्मेलन में पारित ज्ञापन उसी दिन उच्च न्यायालय को सौपेंगे। प्रदर्शन करने वालों में उपेंद्र नरेंद्र विक्रम सिंह, सुधीर कुमार श्रीवास्तव, बृजकिशोर शर्मा व विवेक सिंह सहित अन्य न्यायालय कर्मी शामिल रहे।