श्रावस्ती। जिले की कानून व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के लिए पैदल गश्त बढ़ाएं। साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर संदिग्ध व्यक्तियों की विशेष निगरानी करें। जिले में अपराध नियंत्रण के साथ ही महिला सुरक्षा को बढ़ावा दें। इसमें लापरवाही बरतने वाले प्रभारियों पर कार्रवाई की जाएगी।ये बातें शनिवार को एसपी प्राची सिंह ने पुलिस कार्यालय सभागार में अपराध नियंत्रण व कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान कही। उन्होंने कहा कि जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था के लिए कच्ची शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन, बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण जरूरी है। चोरी व लूट की घटनाओं की रोकथाम के लिए रात्रि गश्त व क्षेत्र भ्रमण बढ़ाया जाए। लंबित जन शिकायत व आईजीआरएस प्रार्थना पत्रों की गुणवत्तापूर्ण समयबद्ध तरीके से निस्तारण करें। गुंडा, गैंगस्टर व पुरस्कार घोषित अपराधियों की हर हाल में गिरफ्तारी करें। संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों का फोटो लेने के साथ ही संदिग्धों की निगरानी भी करें। लोगों को साइबर व महिला अपराध के बारे में जानकारी देते हुए जागरूक करें। सांप्रदायिक भावना भड़काने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। महिला अपराध सहित अन्य अपराधों को रोकने के लिए छोटी बड़ी शिकायतों को गंभीरता से लें। दुर्घटनाओं को रोकने व यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए अतिक्रमण हटवाएं। एसएसबी के साथ समन्वय स्थापित कर सीमा क्षेत्र पर निरंतर पैदल गश्त करें। इस दौरान एएसपी प्रवीण कुमार यादव, सीओ नगर अतुल कुमार चौबे, जमुनहा सतीश कुमार शर्मा, प्रतिसार निरीक्षक विनोद कुमार सिंह सहित सभी थाना व शाखा प्रभारी मौजूद रहे।