श्रावस्ती। जिले में गिरते भूजल स्तर को बचाने के लिए 16 जुलाई से भूजल ,संरक्षण सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान सभी को इस बात के लिए जागरूक किया जाएगा कि वर्षा जल के साथ ही अन्य स्रोत से मिलने वाले पानी की बूंद बूंद का संरक्षण करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यह बात जिलाधिकारी कृतिका शर्मा ने कही। वह भूजल सप्ताह के आयोजन को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित एक बैठक की अध्यक्षता कर रही थी।
उन्होंने बताया कि भूजल सप्ताह में हर एक बूंद बचाना है, विषय पर आधारित अभियान चलाकर जनसमुदाय को जल संरक्षण की सामूहिक शपथ दिलाने के साथ ही जल संरक्षण के लिए प्रेरित करने वाले नुक्कड़ नाटक, निबंध व चित्रकला प्रतियोगिता व जागरूकता रैलियां भी निकाली जाएंगी। उन्होंने भूजल सप्ताह के सफल आयोजन के लिए वन विभाग, कृषि विभाग, उद्यान विभाग, आईसीडीएस, पंचायतीराज विभाग एवं नेहरू युवा केंद्र के जिम्मेदारों को सामाजिक क्षेत्र के प्रतिष्ठित नागरिकों के साथ मिलकर एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश भी दिया।
उन्होंने कहा कि वर्षा जल संरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसे एक जन आंदोलन के रूप संचालित कर सभी को पानी की एक एक बूंद का महत्व बताकर, उसे संरक्षित करने के लिए जागरूक बनाना होगा। इस दौरान विद्यालयों में जल संरक्षण, निबंध प्रतियोगिता, नाटक प्रतियोगिता व रैली निकाल कर अभियान को सफल बनाया जाए।