श्रावस्ती। ईद का पर्व शनिवार को पूरेे जिले में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान भिनगा सहित जिले के अन्य ईदगाहों पर ईद की नमाज अदा कर देश में अमन चैन की दुआ मांगी गई। इसके बाद एक-दूसरे के गले मिल उन्हें ईद की मुबारकबाद दी। इसके साथ ही शुरू हुआ सेवईं का दौर रविवार दूसरे दिन भी जारी रहा।
जिले भर में शनिवार को ईद का मुबारक पर्व शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। भिनगा सहित जिले के अन्य ईदगाहों में ईद की नमाज पढ़ने के लिए भारी संख्या में लोग सुबह से ही पहुंचने लगे थे। नमाजियों की भारी भीड़ को देखते हुए ईदगाहों में व्यापक इंतजाम किए गए थे। ईदगाहों पर पेश इमाम की अगुवाई में नमाजियों ने ईद की नमाज अदा की।
चिलचिलाती धूप व भीषण गर्मी के बावजूद ईदगाहों पर लोगों की भारी भीड़ एकत्रित हुई। यही हाल इकौना, गिलौला, सिरसिया, जमुनहा, हरदत्त नगर गिरंट, बदला, नासिरगंज, भंगहा, लक्ष्मणपुर बाजार, सेमगढा आदि क्षेत्रों का भी रहा। जहां लोगों ने ईद की नमाज अदा कर अमन-चैन की दुआ मांगी।
साथ ही एक-दूसरे के गले मिल ईद की मुबारकबाद दी। त्येाहार को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह चौकन्ना रहा। इस दौरान सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए थे। सुरक्षा के मद्देनजर स्थानीय पुलिस के साथ ही पीएसी व होमगार्ड के जवानों को तैनात किया गया था।
भिनगा ईदगाह पर नमाज के दौरान जिलाधिकारी नेहा प्रकाश, एसपी प्राची सिंह, एसडीएम भिनगा आशुतोष, सीओ अतुल कुमार चौबे, कोतवाल जितेंद्र कुमार सिंह दल बल के साथ मौजूद रहे। जिले के अन्य हिस्सों में संबंधित एसडीएम, सीओ, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, थाना व चौकी प्रभारी मौजूद रहे। इस दौरान अधिकारियों ने भी लोगों से गले मिलकर उन्हें ईद की मुबारकबाद दी।