श्रावस्ती। शनिवार को जिलाधिकारी ने भिनगा में सेमरी मार्ग स्थित गोड़पुरवा गांव के निकट निर्माणाधीन जिला कारागार का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की धीमी रफ्तार पर नाराजगी जताते हुए इसमें तेजी लाने का निर्देश दिया। काम काज की सुस्त रफ्तार के कारण ही निर्धारित समयावधि के बाद भी कारागार का निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है। जिले में कारागार का निर्माण कार्य पूरा न हो पाने के कारण यहां के बंदियों व कैदियों को जिला कारागार बहराइच में रखना पड़ रहा है।
ऐसे में बहराइच कारागार में क्षमता से कई गुना अधिक कैदी व बंदी हो जाने के कारण प्रशासन को काफी परेशानी उठाना पड़ रही है। साथ ही रिमांड पेशी पर लाने के लिए भी पुलिस को हर दिन बहराइच का चक्कर लगाने की परेशानी उठाना पड़ती है। कार्यदायी संस्था से जुड़े लोगों की माने तो भिनगा के गोड़ पुरवा में निर्माणाधीन जिला कारागार के लिए आवंटित धनराशि समय पर न मिल पाने के कारण ही इसका निर्माण कार्य अभी तक पूरा नहीं हो पाया है।
निरीक्षण के दौरान डीएम डीएम कृतिका शर्मा को प्रशासनिक भवन, टाइप-4 आवास, मल्टी परपज हाल, मुुलाकाती, विजिटर शेट, आईडेंटीफिकेशन शेड, पुलिस चौकी, वाच टावर, सब स्टेशन, गैरेज, पार्किंग, पुरुष बैरक, महिला बैरक, किचन शेड, आइसोलेशन कक्ष, मेन वाल, पार्टीशन वाल, सर्किल वाल, कैम्पस वाल, गोदाम एवं सभी गेट लगने का कार्य पूरा मिला जबकि कुछ कार्य अधूरे मिले।
डीएम ने कार्यदायी संस्था से जुड़े राजकीय निर्माण निगम के अवर अभियंता रजनीश कुमार को निर्देश दिया कि मजदूरों की संख्या बढ़ा कर जेल के अधूरे कार्य को प्राथमिकता के साथ जुलाई माह के अंत पर पूरा कराए ताकि जिले के बंदियों को इसमें रखा जा सके। संवाद